कालाढूंगी में कांग्रेस बीएलए पदाधिकारियों की अहम बैठक, मतदाता सूची शुद्धिकरण पर दिया जोर

नैनीताल/कालाढूंगी। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एसडीएम कार्यालय कालाढूंगी में निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस प्रवक्ता नीरज तिवारी की उपस्थिति में कांग्रेस के बीएलए-1 प्रकाश पाठक सहित बड़ी संख्या में बीएलए-2 पदाधिकारी शामिल हुए। निर्वाचन आयोग के संबंधित अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना तथा आगामी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना रहा। अधिकारियों ने बीएलए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में मतदाता सूची का गंभीरता से सत्यापन करने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने बीएलए-2 प्रकाश पाठक और उनकी टीम द्वारा संगठनात्मक मजबूती के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा ही चुनावी सफलता की कुंजी है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सजगता ही पार्टी को क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन दिलाएगी। उन्होंने सभी बीएलए-2 पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ सतत संपर्क बनाए रखें और नई गाइडलाइन मिलते ही उसे तुरंत कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएं, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी त्रुटि न रह जाए।

बैठक के दौरान बीएलए-2 (बुथ लेवल एजेंट) की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि बीएलए-2 पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि होते हैं, जो बूथ स्तर पर मतदाता सूची की निगरानी और सत्यापन का कार्य करते हैं। बीएलए-2 की मुख्य जिम्मेदारियों में नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नामों की जानकारी देना, दोहराव (डुप्लीकेट एंट्री) की जांच करना तथा मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध कराना शामिल है।

एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यदि किसी मतदाता का नाम दो स्थानों पर दर्ज है तो निर्वाचन आयोग का सॉफ्टवेयर स्वतः एक नाम हटाने की प्रक्रिया करता है। ऐसे में बीएलए-2 को यह सुनिश्चित करना होता है कि मतदाता अपने रिकॉर्ड की समय रहते जांच कर आवश्यक सुधार करा लें।

बीएलए-2 प्राची अधिकारी ने वर्ष 2003 से लंबित मतदाता सूची की त्रुटियों के सुधार पर जोर देते हुए कहा कि सभी को मिलकर इस दिशा में गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, अन्यथा सॉफ्टवेयर के माध्यम से नाम स्वतः हटने की संभावना रहती है।

बीएलए-1 प्रकाश पाठक ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। और उन्होंने बैठक में यह भी बताया गया कि कालाढूंगी विधानसभा के 60 बूथों पर अब तक 106 बीएलए-2 नियुक्त किए जा चुके हैं, जो संगठन की सक्रियता और तैयारी का प्रमाण है। इसे पार्टी के लिए एक सराहनीय कदम बताया गया।

बैठक में बीएलए-1 प्रकाश पाठक, गोविंद सिंह बिष्ट, रेनू तोमर, प्राची अधिकारी, मोहनचंद सनवाल, रवि गुरु रानी, कमलेश पांडे, धन सिंह बिष्ट, वकील अहमद, मोहम्मद जुनेद, मोहम्मद आसिफ, नीरज हाबिल, कमल अधिकारी, नवीन रौतेला सहित अनेक बीएलए-2 पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!