नैनीताल/हल्द्वानी। नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर, राजस्थान से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा टीकाकरण के लिए आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें इस टीके के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत कर प्रधानमंत्री ने यह सिद्ध किया है कि उनके लिए नारी सम्मान और सुरक्षा केवल नारा नहीं, बल्कि अटल संकल्प है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई।
उन्होंने कहा कि इस गंभीर स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य दिया जा सके। अभियान के तहत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में पहले चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

उन्होंने कहा कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। जहां पहले 387 मेडिकल कॉलेज थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 819 हो गई है। पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है।
उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। हल्द्वानी में राज्य के पहले आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि हैली एंबुलेंस सेवा, निःशुल्क पैथोलॉजिकल जांच, टेलीमेडिसिन सेवाएं और जिला अस्पतालों के आधुनिकीकरण के माध्यम से स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह में न आएं और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों तथा सामाजिक संगठनों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।कार्यक्रम को सांसद अजय भट्ट ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

