जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, वर्षाकाल से पहले तैयारियां पूरी करने और विभागीय समन्वय बढ़ाने पर जोर
देहरादून,। हिंदी न्यूज़।पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अल्पकालिक कार्यों को तत्काल पूर्ण किया जाए, जबकि दीर्घकालिक योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन को निर्देश दिए कि बहु-विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही ऐसी योजनाओं की नियमित समीक्षा मुख्य सचिव स्तर पर किए जाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे विधायकगणों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। इससे न केवल क्षेत्रीय समस्याओं की सही जानकारी मिल सकेगी, बल्कि उनके समाधान में भी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित होगी।
आगामी वर्षाकाल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बरसाती नालों की सफाई, सिल्ट हटाने और जल निकासी की व्यवस्थाओं को समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां आवश्यक हैं। साथ ही ग्रीष्मकाल में संभावित वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम के लिए विभागीय समन्वय और जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्बाध जल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनमें सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, मिनी खेल मैदानों का निर्माण, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा जलभराव जैसी समस्याएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं राम सिंह कैड़ा सहित कई विधायक उपस्थित रहे। इसके अलावा कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे, जबकि वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख भी बैठक में मौजूद रहे।


