हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन, दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में संगठन को मिली नई मजबूती

दर्जनों जनप्रतिनिधियों ने थामा कांग्रेस का दामन, आगामी चुनाव को लेकर संगठन ने भरी

नैनीताल/हल्द्वानी, हिंदी न्यूज़। हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में आज नैनीताल जिला कांग्रेस और हल्द्वानी महानगर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कुमारी शैलजा ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ हुई, जिसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत सम्मेलन में राजनीतिक गतिविधियों ने जोर पकड़ा और कांग्रेस संगठन की मजबूती को लेकर कई महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

सम्मेलन के दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा की नीतियों से असंतुष्ट दर्जनों लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने वालों में पूर्व अपर मुख्य अधिकारी विजेंद्र चौहान, भाजपा के पार्षद प्रत्याशी रहे राजू रावत, रामगढ़ के ब्लॉक प्रमुख दीपक आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य शामिल रहे।
अपने संबोधन में कुमारी शैलजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ते भ्रष्टाचार तथा भय के माहौल को उजागर करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस ही उसका मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है, जिससे आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जनता के मुद्दे उठाने की अपील की।
वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भय और भ्रष्टाचार का माहौल बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की आवाज दबाई जा रही है और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग हो रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरी रणनीति के साथ आगामी चुनाव मैदान में उतर रही है। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और प्रभावी जनसंपर्क के माध्यम से भाजपा की नाकामियों को जनता के सामने लाने की बात कही।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार लगातार मजबूत हो रहा है और आगामी चुनाव में पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी।

सम्मेलन में प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय सचिव गुरदीप सप्पल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद महेंद्र पाल और प्रदीप टम्टा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और उत्साह ने साफ संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय और मजबूत नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!