युवा कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, विशाल भोजक बने प्रदेश अध्यक्ष

नैनीताल/हल्द्वानी। हिंदी न्यूज़ ।प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नीरज तिवारी ने विशाल भोजक को यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे संगठन के भीतर युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
नीरज तिवारी ने अपने बयान में कहा कि यह जिम्मेदारी विशाल भोजक के निरंतर संघर्ष, कड़ी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में यूथ कांग्रेस न केवल मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश के युवाओं की आवाज को और प्रभावी ढंग से उठाएगी।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र और संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और कांग्रेस पार्टी ने हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। वर्तमान समय में युवाओं को सही दिशा और मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है, जिसे यूथ कांग्रेस पूरा करने में सक्षम है।

प्रदेश प्रवक्ता ने आगे कहा कि विशाल भोजक के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस प्रदेश के युवाओं की समस्याओं, उनके अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएगी। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
नीरज तिवारी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी हित और जनहित में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी और आगामी चुनाव में विजय हासिल की जा सकेगी।
अंत में उन्होंने यूथ कांग्रेस के सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को भी बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!