सीईओ विशाल मिश्रा ने किया स्थलीय निरीक्षण, 20 अप्रैल तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश
बदरीनाथ/चमोली। हिंदी न्यूज़ । आगामी 23 अप्रैल को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य 20 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने परिसर में चल रहे साफ-सफाई और रंग-रोगन कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा मौके पर कार्य कर रहे श्रमिकों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सीईओ ने मंदिर प्रभारी को निर्देश दिए कि नृसिंह मंदिर और योग बद्री मंदिर की साज-सज्जा 20 अप्रैल तक हर हाल में पूरी कर ली जाए। इसके साथ ही उन्होंने श्री बदरीनाथ धाम की फूलों से आकर्षक सजावट 22 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से गेंदे और विभिन्न रंगों के गुलाब के फूलों के उपयोग पर जोर देते हुए दानदाताओं को समय रहते सूचित करने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सीईओ ने धाम परिसर में लगे सभी CCTV कैमरों को दुरुस्त कर कपाट खुलने से पहले उनका ट्रायल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनज़र कतारों में जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि प्रतीक्षारत श्रद्धालु धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण देख सकें।
इसके अतिरिक्त उन्होंने ज्योतिर्मठ एवं धाम के अतिथि गृहों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने और पूरे मंदिर परिसर में 20 अप्रैल से पहले आकर्षक साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम मार्गदर्शन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ज्योतिर्मठ, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, बीकेटीसी के कार्मिक तथा मास्टर प्लान से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

