हल्द्वानी। हिंदी न्यूज़।दिनांक 3 अप्रैल को अंबेडकर जयंती समारोह समिति, टेढ़ा रोड द्वारा शिल्पकार पार्क में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक हेमचंद आर्य ने की, जबकि संचालन जमन राम द्वारा किया गया।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने पर जोर दिया। साथ ही बाबा साहब के मूल विचार—स्वतंत्रता, समानता और भ्रातृत्व—को समाज में वास्तविक रूप से स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में बाबा साहब के सिद्धांत पहले से अधिक प्रासंगिक हैं और इन्हें जन-जन तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर गिरीश चंद्र आर्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहब के प्रसिद्ध नारे “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को आम जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाना चाहिए।
बैठक में आगामी अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने निर्णय लिया कि जयंती के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम, विचार गोष्ठी और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाले आयोजन किए जाएंगे।

इस दौरान हरिश्चंद्र, पप्पू आर्या, महेश चंद्र, जीवन चंद्र, फकीर राम, महेश कुमार, बसंत कुमार टम्टा, भवन चंद्र, प्रेम, जगदीश चंद्र, लीलाराम कुमियाल, प्रकाश चंद्र, सुरेंद्र आर्य, देवी राम, मुकेश कुमार एवं बिंदेश्वरी प्रसाद टम्टा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने अंबेडकर जयंती को सफल बनाने का संकल्प लिया।


