ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

कालाढुंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध तमंचा भी बरामद”

कालाढुंगी, नैनीताल | हिंदी न्यूज़।जनपद नैनीताल के कालाढुंगी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ट्रैक्टर से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर के साथ एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, घटना 31 मार्च की रात करीब 9:30 बजे चकलुवा क्षेत्र में हुई। लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से पहाड़ी ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने अपने ट्रैक्टर से कार को कई बार टक्कर मारी, जिससे कार में सवार हिमांशु और उनका साथी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कालाढुंगी में पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर भेजा गया।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 1 अप्रैल को आरोपी को नैनीताल मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा भी बरामद हुआ। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जो इस घटना का कारण बना। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें वर्ष 2015 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानलेवा हमलों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना का जल्द खुलासा हो गया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!