अल्मोड़ा में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर: सैकड़ों लोगों को मिला इलाज और राहत

“चंदन हॉस्पिटल की पहल , दूरदराज के लोगों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, 300 के करीब मरीजों ने उठाया लाभ”

अल्मोड़ा। कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के बीच चंदन हॉस्पिटल द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए राजपुरा (अल्मोड़ा) स्थित धूनी मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर ने सैकड़ों लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई।
यह शिविर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें वार्ड नंबर 32 के पार्षद विकास कुमार आर्य, वार्ड नंबर 31 के पार्षद मुकेश कुमार तथा वार्ड नंबर 4 राम शीला के पार्षद नवीन चंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुबह से ही शिविर स्थल पर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे। अनुमानित 250 से 300 लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया।

शिविर में मरीजों के लिए ECG, BMD (बोन मिनरल डेंसिटी), ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर (BP) सहित कई आवश्यक जांचें नि:शुल्क की गईं। इससे लोगों को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी प्राप्त हुई।शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रजत वाश्य ने नियमित जांच, व्यायाम और संतुलित आहार को जरूरी बताया। पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु सूर्या ने साफ-सफाई और संतुलित भोजन पर जोर दिया।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अलका राय ने महिलाओं को नियमित जांच कराने और एनीमिया से बचाव की सलाह दी। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास ने कैल्शियम युक्त आहार और व्यायाम की आवश्यकता बताई। जनरल फिजिशियन डॉ. स्वाती पाल ने बदलते मौसम में सावधानी बरतने की बात कही, वहीं मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित मंडल ने किडनी स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी।

शिविर में पहुंचे लोगों ने कहा कि पहाड़ में ऐसे स्वास्थ्य शिविर किसी वरदान से कम नहीं हैं, क्योंकि हर व्यक्ति के लिए बड़े शहर जाकर इलाज कराना संभव नहीं होता। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, उनका लक्ष्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि कुमाऊं के हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में परेशान न हो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!