
नैनीताल, हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हीरानगर (वार्ड-17) स्थित संजय कॉलोनी और सतीश कॉलोनी में रविवार को विकास की नई सौगात दी गई। क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी विधायक निधि से स्वीकृत 33.95 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले जनहितकारी विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने इसे जनभागीदारी का उत्सव बना दिया।
लोकार्पण समारोह में वार्ड-17 के पार्षद शैलेन्द्र दानू सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अपने संबोधन में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संजय कॉलोनी और सतीश कॉलोनी में सड़क, नाली, जल निकासी व्यवस्था और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी गई है, ताकि क्षेत्रवासियों को दैनिक जीवन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विधायक ने कहा, “हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जनता की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

विधायक ने अपने उद्बोधन में अपनी पूज्यनीय माताजी के आदर्शों और सेवा भावना का उल्लेख करते हुए भावुक शब्दों में कहा,“मैं अपनी माताजी की सीख और उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना अपना कर्तव्य समझता हूँ। हल्द्वानी के सर्वांगीण, संतुलित और सतत विकास के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध था, हूँ और भविष्य में भी पूरे समर्पण के साथ कार्य करता रहूँगा।”
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक का आभार प्रकट किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी प्रकार विकास की रफ्तार निरंतर बनी रहेगी और वार्ड-17 मॉडल वार्ड के रूप में विकसित होगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, विमला सांगुरी, पार्षद शैलेंद्र सिंह दानू, ललित परगाई, चंदन सिंह राणा, दीपक आर्य, कृष्णानंद जोशी, अंकित जोशी, मंजू दानू, हिमांशु जोशी, आस्था लटवाल, मुकेश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, महेश अग्रवाल, करुणा अग्रवाल, ऊषा अग्रवाल तथा क्षितिज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हीरानगर क्षेत्र में हुए इस लोकार्पण कार्यक्रम को आगामी विकास योजनाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे वार्ड-17 में आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

