कोर्ट परिसर में वारंटी का उत्पात, वकीलों से मारपीट के बाद गिरफ्तारी,

नैनीताल । हल्द्वानी न्यायालय परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक वारंटी ने अधिवक्ताओं के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, न्यायालय के कार्य दिवस के दौरान वारंटी दिनेश सिंह रावत ने अधिवक्ता एस.डी. जोशी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी को भी आरोपी ने दांत से काट लिया और नाखूनों से घायल कर दिया। इसके बाद मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर आरोपी को न्यायालय परिसर से बाहर किया।
बताया गया कि आरोपी परिसर के गेट के पास ही घूमता रहा और गाली-गलौज करता रहा। स्थिति बिगड़ने पर बार एसोसिएशन द्वारा भोटियापड़ाव पुलिस चौकी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर ले गई।

घटना के बाद हल्द्वानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

एसपी सिटी ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 24 अप्रैल से जजी परिसर में बैरिकेडिंग के माध्यम से प्रवेश कराया जाएगा, जहां दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही केवल अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों के वाहनों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी, अन्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल भी देखा गया। बार एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं से नई सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
प्रतिनिधिमंडल में सचिव मोहन सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष ललित सिंह मेर, उप सचिव सुधांशु तिवारी, कोषाध्यक्ष गौरव कपूर, उप सचिव प्रेस वानु कब्डाल, सदस्य राकेश कुकरेती, एस.डी. जोशी और योगेश्वरी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!