कोसी कैफे होमस्टे प्रकरण: मैनेजर गिरफ्तार, होमस्टे सीज

रामनगर/नैनीताल, हिंदी न्यूज़।जनपद नैनीताल के रामनगर क्षेत्र स्थित कोसी कैफे होमस्टे प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमस्टे मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होमस्टे को सीज करने के साथ उसका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी संबंधित प्राधिकारी को भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 18 अप्रैल को प्राप्त सूचना के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर दर्ज कर गुमशुदा नाबालिगों की तलाश शुरू की गई थी। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों नाबालिगों को कोसी कैफे होमस्टे के कमरों से बरामद किया गया।

विवेचना में मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के साथ पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया।जांच में यह तथ्य सामने आया कि होमस्टे मैनेजर भास्कर जोशी (निवासी अल्मोड़ा) ने नाबालिगों के ठहरने की जानकारी न तो रजिस्टर में दर्ज की और न ही उनकी आईडी ली। इसके अलावा यौन अपराध से जुड़े मामले में संरक्षण और सहायता देने के भी आरोप पाए गए, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच के दौरान कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। साथ ही यह भी पाया गया कि होमस्टे में आगंतुकों का कोई वैध रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने होमस्टे को सीज कर दिया है। साथ ही जिला पर्यटन अधिकारी को उसका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भेजी गई है।
पूरे मामले की कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!