“मोदीजी के नाम से चुनाव नहीं जीता जाएगा” बंशीधर भगत के बयान से सरकार की पोल खुली: नीरज तिवारी
कालाढूंगी/नैनीताल। प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कालाढूंगी क्षेत्र में जल जीवन मिशन की जमीनी स्थिति को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत का हालिया बयान सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली की विफलता को उजागर करता है।
तिवारी ने कहा कि “सिर्फ मोदीजी के नाम पर चुनाव जीतने” की राजनीति अब समाप्त हो चुकी है और जनता अब विकास कार्यों का हिसाब मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन, जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, वह उत्तराखंड में पूरी तरह से पटरी से उतर चुका है।
उन्होंने विस्तार से कहा कि “हर घर नल, हर घर जल” का नारा जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। कई गांवों और बस्तियों में आज तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है, जबकि योजनाओं के नाम पर सड़कों और गलियों को जगह-जगह खोद दिया गया है। इससे आम जनता को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तिवारी ने प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे, लेकिन किसी भी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, “जब सत्ता पक्ष के विधायक की ही बातों को नजरअंदाज किया जा रहा है, तो आम जनता की समस्याओं की सुनवाई कैसे होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस योजना के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं। बाहरी ठेकेदारों को प्राथमिकता देकर स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है, जिससे उत्तराखंड के संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है। तिवारी ने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि एक सुनियोजित कमीशनखोरी का मामला प्रतीत होता है।
बंशीधर भगत का बयान बना चर्चा का विषय

नैनीताल जिले की जिला योजना बैठक में विधायक बंशीधर भगत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए वर्ष 2017 जैसा माहौल अब नहीं रहा। उन्होंने कहा कि “अब केवल मोदीजी के नाम से चुनाव नहीं जीता जा सकता” और पार्टी को जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
उन्होंने जल जीवन मिशन की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हालात “त्राहिमाम-त्राहिमाम” जैसे बन चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “मोदी-मोदी” का नारा अब जनता को संतुष्ट नहीं कर पा रहा है।
विधायक ने बजट की कमी को मुख्य कारण बताते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र में कई सड़कें और गलियां खुदी पड़ी हैं, जिनका निर्माण कार्य अधूरा है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
तिवारी ने कहा कि जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति और अधूरे कार्यों के कारण जनता में भारी असंतोष है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम जनता की समस्याएं शामिल नहीं हैं, जिससे लोगों का भरोसा लगातार कम हो रहा है।
अंत में इंडियन नेशनल कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही योजना में सुधार नहीं किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीति की नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं की है।


