इमरजेंसी में अब नहीं होगी देरी, SSB जवान हुए मेडिकल स्किल्स में प्रशिक्षित।

SSB जवानों के लिए 2 दिवसीय BLS व इमरजेंसी मैनेजमेंट कार्यक्रम, CPR से लेकर ट्रॉमा तक मिली प्रैक्टिकल ट्रेनिंग”

हल्द्वानी। हिंदी न्यूज़। देश की सीमाओं पर तैनात सुरक्षा बलों के जवानों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाने की दिशा में चंदन हॉस्पिटल, हल्द्वानी द्वारा सराहनीय पहल की गई। अस्पताल की ओर से सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों के लिए दो दिवसीय “BLS एवं इमरजेंसी मैनेजमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम” का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (CPR), ट्रॉमा मैनेजमेंट, एयरवे मैनेजमेंट, एम्बुलेंस संचालन और इन्फेक्शन कंट्रोल जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा प्रक्रियाओं में दक्ष बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने जवानों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रैक्टिकल अभ्यास भी कराया।

कार्यक्रम में डॉ. मुनीब रहमान ने इमरजेंसी एवं एम्बुलेंस सेवाओं पर मार्गदर्शन दिया, जबकि डॉ. रवि कुमार ने एयरवे मैनेजमेंट और क्रिटिकल केयर की जानकारी साझा की। डॉ. विकास ने ट्रॉमा एवं आपातकालीन प्रबंधन पर प्रशिक्षण दिया तथा सुश्री जया जॉन (ICN) ने इन्फेक्शन प्रिवेंशन एवं कंट्रोल के विषय में विस्तार से बताया।
अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. परवेज अहमद ने कहा कि देश के जवान हमारी शान हैं और उन्हें आवश्यक मेडिकल स्किल्स प्रदान करना देश की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। वहीं मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नितीश ने बताया कि आपात स्थिति में हर सेकंड की अहमियत होती है और यह प्रशिक्षण जवानों को सही समय पर सही निर्णय लेने में सक्षम बनाता है।

प्रशिक्षण में शामिल SSB जवानों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया। जवानों ने कहा कि इस तरह की ट्रेनिंग न केवल उन्हें आपातकालीन स्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने में मदद करेगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान मॉक ड्रिल, CPR अभ्यास, एम्बुलेंस सिमुलेशन और वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित अभ्यास कराए गए, जिससे जवानों को हर तरह की आपदा से निपटने के लिए तैयार किया जा सके।

चंदन हॉस्पिटल का यह प्रयास इस बात का संदेश देता है कि जब जवान देश की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं, तो समाज का दायित्व है कि उनकी सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!