देहरादून में ‘रोड रेज’ की वीभत्स घटना: रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत, शहर में दहशत।

उत्तराखंड। हिंदी न्यूज़ ।राजधानी देहरादून के पॉश राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली ‘रोड रेज’ की घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र के पास ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें अंधाधुंध फायरिंग के दौरान एक बेगुनाह रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर की जान चली गई।


पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे मसूरी रोड पर दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसकी ओर कई राउंड फायरिंग की, जिनका निशाना गाड़ी के टायर थे। इसी दौरान पास में मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर वी.के. जोशी गोलीबारी की चपेट में आ गए।

दुर्भाग्यवश, एक गोली सीधे ब्रिगेडियर जोशी को जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी।

गोलीबारी के बाद फॉर्च्यूनर वाहन अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव के पास एक पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे जिले में तत्काल नाकेबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने देहरादून की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस शहर को ‘देवभूमि’ के नाम से जाना जाता है, वहां इस प्रकार की हिंसक घटनाएं आम जनता में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चेतावनी भी है। एक मामूली विवाद का इस हद तक बढ़ जाना कि लोग कानून को हाथ में लेकर खुलेआम फायरिंग करने लगें, बेहद चिंताजनक है। विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क पर बढ़ती आक्रामकता और असहिष्णुता को रोकने के लिए सख्त कानून और प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है।

देश की सेवा में वर्षों तक योगदान देने वाले ब्रिगेडियर वी.के. जोशी की इस तरह असमय मृत्यु अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!