हल्द्वानी/नैनीताल,। हिंदी न्यूज़।जिले में भूमि संबंधी धोखाधड़ी और जालसाजी के मामलों पर सख्ती बरतते हुए नैनीताल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोरगलिया पुलिस ने करोड़ों रुपये की जमीन धोखाधड़ी में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जमीन की बिक्री और रजिस्ट्री के नाम पर कई लोगों से बड़ी रकम ठगी थी। इस संबंध में हल्द्वानी निवासी कमला देवी सहित अन्य पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें करीब 1 करोड़ 44 लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR कर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चोरगलिया हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार पतारसी-सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इसी क्रम में 24 मार्च की देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपांशु बेलवाल (31 वर्ष) पुत्र स्व. नारायण दत्त बेलवाल, निवासी सुरन्दरपुर बेलवाल, गौलापार, थाना चोरगलिया, जनपद नैनीताल का निवासी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी और हेड कांस्टेबल मलखान सिंह की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आगे की जांच जारी है।

