24 घंटे में मंदिर चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार

मुखानी पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी गया पूरा सामान बरामद

हल्द्वानी। हिंदी न्यूज़। नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को वादी हेमचंद पंत निवासी पीडी कॉलोनी, हल्द्वानी ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई कि 19-20 मार्च की रात के बीच अज्ञात चोर ने अमृता आश्रम के पास स्थित मंदिर का ताला तोड़कर अंदर से पीतल की मूर्तियां, तांबे के बर्तन, घंटियां, आरती स्टैंड, आभूषण व अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में FIR कर मुकदमा दर्ज किया गया और जांच उपनिरीक्षक रजनी आर्या को सौंपी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार निगरानी रखी गई।

21 मार्च को पुलिस टीम हेडखान मंदिर, कटघरिया क्षेत्र में मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति काठगोदाम बाईपास से चौपला चौराहा की ओर जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निहारिका बैंक्वेट हॉल लिंक रोड, वार्ड नंबर 38 में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लाल सिंह (52 वर्ष) निवासी कोहली कॉलोनी, मुखानी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से मंदिर से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काली माता, दुर्गा माता और गणेश जी की मूर्तियां, तांबे के लोटे व पात्र, पीतल की घंटियां, आरती स्टैंड, आभूषण, माइक, बर्तन व अन्य पूजा सामग्री सहित एक बैग बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी लाल सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर मामलों में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में कांस्टेबल धीरज सुगड़ा और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!