बनभूलपुरा हिंसा केस में बड़ी राहत: हाईकोर्ट से अब्दुल रहमान को जमानत, 86 आरोपी पहले ही बाहर ।

हल्द्वानी (नैनीताल)। हिंदी न्यूज़। बनभूलपुरा हिंसा मामले में न्यायिक प्रक्रिया के बीच एक और बड़ी राहत सामने आई है। नैनीताल हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान आरोपी अब्दुल रहमान को जमानत दे दी है। इस फैसले के बाद मामले में जमानत पाने वाले आरोपियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
जमीअत उलेमा ए हिंद की पैरवी लाई रंग
इस मामले में जमीअत उलेमा ए हिंद की सक्रिय कानूनी पैरवी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संगठन के हल्द्वानी शहर अध्यक्ष मोहम्मद आसिम ने बताया कि अब तक कुल 101 आरोपियों में से 86 लोगों को जमानत मिल चुकी है, जो एक बड़ी कानूनी उपलब्धि मानी जा रही है।

मोहम्मद आसिम के अनुसार, अभी भी कुछ आरोपी जेल में बंद हैं, लेकिन उनकी जमानत के लिए भी प्रयास तेजी से जारी हैं। उन्होंने कहा कि संगठन हर संभव कानूनी मदद दे रहा है और उम्मीद है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द ही अदालत से राहत मिलेगी।
लोगों से की दुआ की अपील
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे सभी दुआ करें, ताकि बाकी आरोपियों को भी जल्द जमानत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कानूनी लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय की प्रक्रिया है, जिसमें सबका सहयोग जरूरी है।

उल्लेखनीय है कि 8 फरवरी 2024 को बनभूलपुरा क्षेत्र में हुए हिंसक घटनाक्रम के बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए थे। तभी से यह मामला अदालत में विचाराधीन है और धीरे-धीरे आरोपियों को राहत मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *