जमीअत उलेमा हल्द्वानी की पहल, ईद पर जरूरतमंदों को वितरित की गई राशन किट

नैनीताल/हल्द्वानी। हिंदी न्यूज़ । ईद के पावन अवसर पर सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए जमीअत उलेमा हल्द्वानी (मौलाना अरशद मदनी यूनिट) द्वारा जरूरतमंद लोगों के बीच राशन किट का वितरण किया गया। संस्था की ओर से करीब 50 जरूरतमंद परिवारों को राशन की किट प्रदान की गई, ताकि ईद की खुशियों में गरीब और जरूरतमंद लोग भी शामिल हो सकें।
जमीअत उलेमा हल्द्वानी के सदर मौलाना मोहम्मद आसिम ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था की टीम द्वारा पहले क्षेत्र में सर्वे किया गया। इस सर्वे के आधार पर ऐसे जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित किया गया, जिन्हें वास्तव में सहायता कीआवश्यकता थी। उसी सूची के अनुसार इन परिवारों को राशन किट वितरित की गई।

मौलाना मोहम्मद आसिम ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद का संदेश देता है। जमीअत उलेमा हल्द्वानी हर वर्ष ईद के अवसर पर इसी तरह जरूरतमंद लोगों के बीच राशन किट वितरित कर उनकी सहायता करती है, ताकि कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि इस बार भी संस्था के कार्यकर्ताओं ने मिलकर 50 राशन किट तैयार कीं और उन्हें चिन्हित परिवारों तक पहुंचाया। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने संस्था का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मौलाना मोहम्मद आसिम (इमाम बिलाली मस्जिद व सदर जमीअत उलेमा हल्द्वानी) ने सभी लोगों से अपील की कि समाज के संपन्न लोग भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें, ताकि समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!