रामनगर में अवैध हथियारों के साथ दो गिरफ्तार, गैंगस्टर कमल सिंह भी पुलिस की हिरासत में ।

रामनगर/नैनीताल। हिंदी न्यूज़।जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर चल रही सघन चेकिंग और धरपकड़ अभियान के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो शातिर आरोपियों को अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया है। इनमें गैंगस्टर एक्ट में पहले से नामजद एक आरोपी भी शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चेकिंग अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस टीम ने मालधनचौड़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चोरपानी निवासी 22 वर्षीय प्रेम बिष्ट पुत्र कमल सिंह बिष्ट को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पीरुमदारा क्षेत्र में पुलिस ने 23 वर्षीय कमल सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम सरकथल, थाना टांडा बादली, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। उसके पास से भी 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कमल सिंह शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
बरामद अवैध हथियारों के आधार पर कोतवाली रामनगर में दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रेम बिष्ट के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार (प्रभारी चौकी मालधनचौड़), उपनिरीक्षक बीरेंद्र बिष्ट (प्रभारी चौकी पीरुमदारा), कांस्टेबल कविंद्र कुमार, कांस्टेबल प्रयाग राम, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!