नैनीताल/हल्द्वानी-कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में आए भीषण तूफान और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। क्षेत्र के कई गांवों में आम, गेहूं और अन्य फसलों को भारी नुकसान होने की खबर है। इस प्राकृतिक आपदा से परेशान किसानों को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन भेजकर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि बीते दिन क्षेत्र में आए तेज तूफान और भारी बारिश के कारण किसानों की खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई जगहों पर गेहूं की फसल खेतों में गिर गई, जबकि आम के बागानों को भी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि किसान पहले ही बढ़ती लागत और मौसम की मार से जूझ रहे हैं, ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस मुश्किल दौर से उबर सकें।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से यह भी आग्रह किया गया कि जिन किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत पैकेज दिया जाए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान हेमू पडालिया, वसीम, टिकम मेहरा, संदीप बिनवाल, नीरज हाबिल, पुरन जोशी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को जल्द राहत प्रदान की जाए और उनकी क्षति की भरपाई के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो किसानों के सामने आर्थिक संकट और गहरा सकता है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि प्रभावित गांवों का शीघ्र निरीक्षण कर नुकसान का सही आकलन करे और सरकार से तत्काल सहायता दिलाए।

