खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध तनाव पर रामनगर में सर्वदलीय बैठक, विश्व शांति की अपील।

नैनीताल/रामनगर।खाड़ी देशों में अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और पेट्रोलियम पदार्थों की संभावित किल्लत को लेकर रामनगर में व्यापार मंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर वैश्विक हालात पर चिंता व्यक्त की और शांति तथा कूटनीतिक समाधान की अपील की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मध्य-पूर्व में जारी युद्ध जैसे हालात का प्रभाव केवल उस क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। विशेष रूप से पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति में बाधा से आम जनता पर सीधा असर पड़ सकता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संयम और संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।


इस अवसर पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान सचिव एवं राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी ने कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने सभी देशों से संयम बरतने और आपसी बातचीत के माध्यम से विवादों को सुलझाने की अपील की।
समाजवादी लोकमंच के अध्यक्ष मनीष कुमार अग्रवाल ने कहा कि विश्व में शांति और स्थिरता बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युद्ध से केवल विनाश होता है, जबकि संवाद और समझौते से ही स्थायी समाधान निकल सकता है।
बैठक में केसर राणा, मोहम्मद आसिफ, सुनील पर्नवाल, लालमणि, किशन शर्मा श्रीवास्तव, जमन राम, जुल्फिकार, मनमोहन अग्रवाल, जगमोहन कौशल्या, तुलसी छिंदवाल, सरस्वती जोशी, श्रीमती पटवाल सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में विश्व शांति की अपील करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव कम करने के लिए सभी देशों को कूटनीतिक प्रयास तेज करने चाहिए।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने युद्ध की स्थिति समाप्त करने, शांति स्थापित करने और देशों के बीच आपसी समझौते के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!