नैनीताल |हिंदी न्यूज़ ।उत्तराखंड के नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों की खतरनाक सच्चाई उजागर कर दी। जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए निकले चार युवकों की कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर खूपी के समीप गेठिया क्षेत्र में सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। हुंडई वेन्यू (UP 78 HJ 4936) कार में सवार चार युवक उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के पीतांबर नगर से जागेश्वर धाम की यात्रा पर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और कार मुख्य सड़क से फिसलकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कुछ स्थानीय लोगों ने खाई की गहराई 250-300 मीटर तक बताई, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और स्थानीय राहत दल मौके पर पहुंच गए। दुर्गम पहाड़ी इलाका और गहरी खाई होने के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने सभी चार लोगों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस के जरिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जिसमें अभिराज (26 वर्ष), पुत्र अशोक कुमार, निवासी पीतांबर नगर, उन्नाव,अंकित चौधरी (25 वर्ष), पुत्र धर्मेंद्र कुमार, निवासी पीतांबर नगर-2, उन्नाव पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें बी.डी. पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
और वही हादसे में घायल दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है जिसमें अतुल दुबे (26 वर्ष), पुत्र सुनील कुमार, श्याम (30 वर्ष), पुत्र राम सुमेर दोनों का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में जारी है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।

प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे कई संभावित कारण सामने आए हैं।तेज रफ्तार पहाड़ी मार्ग की खतरनाक चढ़ाई-उतार,चालक की संभावित लापरवाही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, जो दुर्घटना की भीषणता को दर्शाते हैं। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर धीमी गति से वाहन चलाएं ओवरटेक से बचें वाहन की तकनीकी स्थिति पहले जांच लें
उन्नाव से भगवान के दर्शन के लिए निकले चार दोस्तों के लिए यह यात्रा काल बन गई। जहां दो ने अपनी जान गंवा दी, वहीं दो जिंदगी के लिए जूझ रहे हैं। यह हादसा हर यात्री को सावधानी बरतने की सख्त चेतावनी देता है । क्योंकि पहाड़ों में एक छोटी सी चूक, जानलेवा साबित हो सकती है।

