नैनीताल/रामनगर । हिंदी न्यूज़ मिशन उत्तराखंड 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्य की क्षेत्रीय पार्टियों, जन संगठनों, बुद्धिजीवियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 26 मार्च (बृहस्पतिवार) को अल्मोड़ा स्थित शिखर होटल में आयोजित की जाएगी। इस बैठक को आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
मिशन उत्तराखंड 2027 कोर कमेटी के सदस्य एवं उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी उत्तराखंड शहीदों के सपनों, राज्य की मूल अवधारणा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अब तक सत्ता में रही भाजपा और कांग्रेस सरकारों ने राज्य निर्माण के उद्देश्य को कमजोर किया है और प्रदेश को भ्रष्टाचार, माफिया तथा ठेकेदारी व्यवस्था के हवाले कर दिया है।

प्रभात ध्यानी के अनुसार, मिशन उत्तराखंड 2027 के तहत क्षेत्रीय दलों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों को एक मंच पर लाकर एक मजबूत विकल्प तैयार करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस और भाजपा कभी भी राज्य निर्माण की वास्तविक पक्षधर नहीं रही हैं, जिससे राज्य की मूल भावना प्रभावित हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड की जनता अब चाहती है कि क्षेत्रीय और आंदोलनकारी ताकतें एकजुट होकर राज्य को बचाने और शहीदों के सपनों को साकार करने की दिशा में ठोस पहल करें।
इस बैठक में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, उत्तराखंड लोक वाहिनी, भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी, राष्ट्रीय रीजनल पार्टी और स्वाभिमान मोर्चा सहित कई संगठनों ने भाग लेने की सहमति दी है। इसके अलावा पूर्व सैनिक संगठन, राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवियों को भी आमंत्रित किया गया है।
माना जा रहा है कि यह बैठक 2027 विधानसभा चुनाव के लिए एक नई राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

