महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों पर मोदी सरकार के खिलाफ लगाए नारे

कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर के दाम वापस लेने की मांग, पेट्रोलियम मंत्री के इस्तीफे की भी उठी आवाज
हल्द्वानी/कालाढूंगी। कमर्शियल और घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़े दामों को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “मोदी जी होश में आओ” और “पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता, खासकर महिलाओं और गरीब परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सरकार को तुरंत दाम कम करके जनता को राहत देनी चाहिए। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने कहा कि महंगाई की मार से आम आदमी परेशान है और रसोई गैस के दाम बढ़ने से घर का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही गैस सिलेंडर के दाम वापस नहीं लिए गए तो महिला कांग्रेस और बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

इस प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष मधु सागुली, अल्मोड़ा प्रभारी व वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष शोभा बिष्ट, वरिष्ठ पार्षद भागीरथी बिष्ट, रत्ना श्रीवास्तव, रेनू तोमर, मुनि पंत, जया पाठक, पुष्पा नेगी, कला निगलतिया, राजू टंडन, मंजू पांडे सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


महिलाओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो महिला कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!