नैनीताल में गैस सिलेंडर वितरण पर बड़ा फैसला , एजेंसी से सीधे सिलेंडर देना बंद, अब केवल होम डिलीवरी

भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए डीएम का आदेश, एसएसपी ने जनता से की अपील

नैनीताल/ हल्द्वानी। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को व्यवस्थित करने और गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देश पर अब गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार अब सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति केवल डोर-टू-डोर (होम डिलीवरी) के माध्यम से ही करनी होगी। एजेंसी परिसर से सीधे सिलेंडर देने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ रही थी, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग या ओटीपी जनरेशन में तकनीकी समस्या आ रही है, वे सिर्फ बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी कार्यालय जा सकते हैं।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनसामान्य और उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि लोग गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अपने वाहनों या परिजनों के साथ एजेंसी पर एकत्रित न हों। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और उन्हें समयबद्ध तरीके से घर-घर पहुंचाया जाएगा।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आदेशों की अवहेलना करने वाले उपभोक्ताओं, गैस एजेंसी संचालकों (इंडेन, भारत गैस, एचपी) तथा संबंधित स्टेकहोल्डरों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!