ऊंचापुल चौराहे पर चला बुलडोज़र, सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू

अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन-नगर निगम की टीम, जाम से राहत दिलाने के लिए कई दुकानों और भवनों को किया ध्वस्त

नैनीताल/हल्द्वानी।शहर में लंबे समय से जाम और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे ऊंचापुल चौराहे के चौड़ीकरण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए सड़क की जद में आ रही इमारतों और दुकानों पर बुलडोज़र चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रशासन द्वारा पहले ही चिह्नित किए गए भवनों और दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू होते ही पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। चौड़ीकरण योजना के तहत सड़क की सीमा में आ रहे कई निर्माणों को हटाया जा रहा है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में इस मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार ऊंचापुल चौराहा शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील चौराहों में से एक है, जहां दिनभर वाहनों का भारी दबाव बना रहता है। सड़क के संकरे होने और दोनों ओर अतिक्रमण होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

प्रशासन के मुताबिक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले प्रभावित भवन स्वामियों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपाई ने बताया कि यह मार्ग कालाढूंगी रोड राज्य मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां कटघरिया से कालू सिद्ध बाबा मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इसी योजना के तहत ऊंचापुल चौराहे का भी सुधार और चौड़ीकरण किया जाना है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष जुलाई से लगातार अतिक्रमण का चिन्हीकरण किया जा रहा था और संबंधित लोगों को नोटिस देकर अपनी बात रखने का अवसर भी दिया गया। कई मामलों में संबंधित पक्षों ने न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन अब सभी मामलों का निस्तारण हो चुका है।

प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अतिक्रमणकारियों को 7 मार्च तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय भी दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन को मजबूरन बुलडोज़र कार्रवाई करनी पड़ी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि कटघरिया से कालू सिद्ध बाबा मंदिर तक तथा तीन पानी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए चिन्हांकन किया गया है। इस दौरान केवल न्यूनतम भूमि ही अधिग्रहित की जा रही है ताकि सड़क का विस्तार किया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने राष्ट्रीय या नजूल भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ है और जिनकी जमीन फ्रीहोल्ड नहीं है, वे चिन्हांकन के अनुसार स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!