हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से रिक्शा चालक की मौत,

नैनीताल/हल्द्वानी। शहर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बेस अस्पताल के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मार्च को रात करीब 10:25 बजे बेस अस्पताल के पास सड़क दुर्घटना की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पल्सर बाइक (नंबर UK 04 AN 5778) का चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने सामने चल रहे रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार भी हादसे में घायल हो गया। पुलिस टीम ने तत्परता और मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में घायल रिक्शा चालक नरेश सिंह (25 वर्ष) पुत्र हरीश सिंह निवासी तारा टेंट हाउस, लाल डांठ, हल्द्वानी को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि वहां पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं दुर्घटना में घायल बाइक सवार सूरज बिष्ट (25 वर्ष) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट निवासी गजर, थाना मुक्तेश्वर का भी उपचार पहले बेस अस्पताल में किया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें मंगलवार सुबह सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और रिक्शा को सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली हल्द्वानी परिसर में खड़ा करा दिया गया है।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में कोतवाली हल्द्वानी की पुलिस टीम के उपनिरीक्षक कृष्ण गिरी, अपर उपनिरीक्षक महंगा राम, कांस्टेबल जगदीश भंडारी, कांस्टेबल मोहम्मद अजहर और कांस्टेबल कमलेश नौला शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!