महिलाओं की सुरक्षा को लेकर महिला कांग्रेस का कैंडल मार्च, न्याय की उठी मांग।

हल्द्वानी/कालाढूंगी।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, घरेलू हिंसा, दुष्कर्म और हत्याओं की घटनाओं के विरोध में जोरदार कैंडल मार्च निकालकर कड़ा प्रतिरोध दर्ज कराया। ‘कैंडल मार्च फॉर जस्टिस’ के नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की मांग उठाई।

यह कैंडल मार्च कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के पीलीकोठी से शुरू होकर मुखानी चौराहे तक निकाला गया। शाम छह बजे से आठ बजे तक चले इस मार्च में महिलाओं ने बैंगनी परिधान पहनकर एकजुटता का संदेश दिया। हाथों में मोमबत्तियां लेकर महिलाओं ने पीड़ित बहनों और बेटियों को न्याय दिलाने की मांग की तथा समाज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद की।

कैंडल मार्च का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस नैनीताल की अध्यक्ष खष्टी बिष्ट और महानगर अध्यक्ष हल्द्वानी मधु सांगुड़ी ने किया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने कहा कि आज देश और प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि चाहे बुजुर्ग महिला हो या छोटी बच्ची, आज कोई भी पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग केवल योजनाओं का दिखावा कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। खष्टी बिष्ट ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में समानता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और न्याय मिलना चाहिए और इसके लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।


वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री शोभा बिष्ट और पार्षद भागीरथी बिष्ट ने भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भागीरथी बिष्ट ने कहा कि महिला कांग्रेस पूरी क्षमता के साथ महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि इस कैंडल मार्च के माध्यम से शासन और प्रशासन को जगाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मोमबत्तियां जलाकर पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार का अत्याचार और शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर खष्टी बिष्ट, मधु सांगुड़ी, शोभा बिष्ट, पुष्पा नेगी, सावित्री सनवाल, भागीरथी बिष्ट, गीता बहुगुणा, राधा, मंजू पांडे, जया पंत, राधा चौधरी, रेनु तोमर, निर्मल सिंह चौधरी, राधा पांडे, निर्मला सिंह, हेमा मलकानी, पूजा बिष्ट, मैत्री पंत, कनक जीना, हेमा तिवारी, शशि गुप्ता, चंपा शर्मा सहित कई महिला कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।महिलाओं ने एकजुट होकर महिलाओं पर हो रहे अत्याचार और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई तथा सरकार और प्रशासन से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!