नैनीताल/रामनगर।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एकता मंच द्वारा ग्राम पूछड़ी, रामनगर में युद्ध विरोधी सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेते हुए ईरान पर इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले को मानवता पर हमला बताया और इसके खिलाफ दुनिया की जनता से एकजुट होने की अपील की।कार्यक्रम
को संबोधित करते हुए सरस्वती जोशी ने महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं न तो घर के भीतर सुरक्षित हैं और न ही घर के बाहर। देश में 70 प्रतिशत से अधिक महिलाएं घरेलू हिंसा का सामना कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कामगार महिलाओं को पुरुषों के मुकाबले कम वेतन दिया जाता है और सरकार भी महिला श्रमिकों के साथ न्याय नहीं कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भोजन माता, आंगनबाड़ी और आशा वर्करों को न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा देने के लिए सरकार तैयार नहीं है, जो महिलाओं के श्रम के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है। समाजवादी लोक मंच के संयोजक मुनीष कुमार ने कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किया गया हमला परमाणु हथियारों को रोकने के नाम पर नहीं बल्कि वहां के कच्चे तेल और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में अमेरिका ने इराक पर मानव विनाशक हथियारों का आरोप लगाकर हमला किया था और बाद में वहां के राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को फांसी दे दी गई थी।
मुनीष कुमार ने कहा कि अमेरिका दुनिया में किसी का सच्चा मित्र नहीं है और पिछले 25 वर्षों में उसके हमलों में लाखों लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जो भी देश अमेरिका के आर्थिक हितों और मुनाफे के रास्ते में आता है, वह उसके खिलाफ खड़ा हो जाता है।उन्होंने
भारत सरकार की अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे देश की संप्रभुता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा भारत को रूस से तेल खरीदने या न खरीदने के लिए निर्देश देना बेहद शर्मनाक है।
मुनीष कुमार ने कहा कि जब तक दुनिया में पूंजीवाद और साम्राज्यवादी लूट कायम रहेगी, तब तक युद्ध होते रहेंगे और निर्दोष लोग मारे जाते रहेंगे। इन युद्धों को रोकने का एकमात्र तरीका यह है कि दुनिया भर की मेहनतकश जनता एकजुट होकर ऐसी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करे।

सभा को संबोधित करते हुए कौशल्या ने कहा कि भारत में भी गरीब और मेहनतकश लोग अपने ही द्वारा चुनी गई सरकार के फैसलों का खामियाजा भुगत रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 7 दिसंबर को भाजपा सरकार द्वारा बुलडोजर चलाकर सैकड़ों लोगों को बेघर कर दिया गया। कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पखवाड़े के तहत 11 मार्च को मालधन चंद्रनगर नंबर-1 में सुबह 11 बजे एक और युद्ध विरोधी सभा आयोजित की जाएगी।
सभा को अनुकृति, गिरीश चंद्र, माया नेगी, विद्यावती शाह, अनिता सैनी, तृषा मेहता, किरन आर्या, रमेश आर्य और ऊर्बादत्त नैनवाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान महिलाओं ने क्रांतिकारी गीत गाकर सभा को ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम का आयोजन महिला एकता मंच की ओर से किया गया।
