नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, दस घंटे में टैक्सी चालक गिरफ्तार

गलत नियत से सुनसान रास्ते पर ले जाकर मारपीट और मोबाइल लूटा, एसएसपी बोले, पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
हल्द्वानी/नैनीताल।पर्यटन नगरी नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने और मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का मोबाइल फोन बरामद कर घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मार्च को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। इसके बाद वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम पहुंची और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली। रात में काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना हुई टैक्सी को चालक ने निर्धारित मार्ग से हटाकर सुनसान क्षेत्र की ओर मोड़ दिया।

बताया गया कि रात्रि लगभग 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाद्धांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने गाड़ी रोक दी और उसके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वह किसी को घटना की सूचना न दे सके।

घटना के बाद 6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगनार और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी चालक की पहचान की। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर थाना मुखानी को पाइन्स,भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन Vivo Y100 बरामद कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी और 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल, उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला उपनिरीक्षक बबीता, अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन और कांस्टेबल परमजीत सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!