काठगोदाम में चाकू से जानलेवा हमला, पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को दबोचा

हल्द्वानी/काठगोदाम। हिंदी न्यूज़ ।जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 05 मार्च को राजपुरा, हल्द्वानी निवासी बच्ची देवी ने थाना काठगोदाम में तहरीर देकर बताया कि रेलवे स्टेशन के सामने स्थित चस्का रेस्टोरेंट के पास दो व्यक्तियों ने उनके पुत्र पर जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना काठगोदाम में एफआईआर कर बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ और संभावित स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विकास सिंह बिष्ट उर्फ गैड़ा (18 वर्ष), निवासी नवाबी रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी विधि विवादित किशोर है। पूछताछ के दौरान नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया तेज धारदार चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त विकास सिंह बिष्ट को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि नाबालिग आरोपी को संरक्षण में लेकर जेजे बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना काठगोदाम की पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीतू सिंह, कांस्टेबल सूरज सिंह और कांस्टेबल योगेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!