रामनगर में आदमखोर बाघ पर कसा शिकंजा, दो महिलाओं की मौत के बाद बड़ा एक्शन।

नैनीताल। रामनगर वन प्रभाग की फतेहपुर रेंज में दहशत का पर्याय बन चुके आदमखोर बाघ को आखिरकार वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। बीते दिनों दो महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले इस खूंखार बाघ की तलाश में वन विभाग की टीमें लगातार अभियान चला रही थीं।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की विशेष टीम ने विशेषज्ञों और स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध रणनीति के तहत ऑपरेशन को अंजाम दिया। क्षेत्र में लगातार गश्त, ट्रैप कैमरों की निगरानी और तकनीकी संसाधनों के उपयोग के बाद बाघ की सटीक लोकेशन चिन्हित की गई। इसके बाद सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए बाघ को काबू में कर लिया गया।
फतेहपुर रेंज के ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। दो महिलाओं की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और चिंता व्याप्त थी। लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर थे। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही थी।


वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात कड़ी मशक्कत करते हुए इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम दिया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिम के बावजूद टीम ने धैर्य और साहस का परिचय दिया।


प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीरज तिवारी ने अभियान की सफलता पर प्रभागीय वन अधिकारी सहित पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई सराहनीय है।

वन विभाग ने क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त और निगरानी की व्यवस्था जारी रखने की बात कही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और जंगल क्षेत्रों में अकेले न जाने की अपील की है। बाघ के रेस्क्यू के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!