कृत्रिम किल्लत पैदा कर दो हजार रुपये तक बेचे जा रहे सिलेंडर, दोषियों पर गुण्डा एक्ट लगाने की मांग
नैनीताल/हल्द्वानी।हल्द्वानी क्षेत्र में एल.पी.जी. गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत को लेकर सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में उत्तराखण्ड चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के कुमाऊँ मण्डल अध्यक्ष डॉ. हरीश पाल तथा स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एस.पी. सिटी हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर बाजार में कृत्रिम संकट पैदा कर रहे हैं। इसके चलते आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और गैस सिलेंडर ब्लैक में लगभग दो-दो हजार रुपये तक बेचे जा रहे हैं।
इस मौके पर डॉ. हरीश पाल ने कहा कि गैस की कृत्रिम कमी पैदा कर जनता की मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और दोषियों पर गुण्डा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
वहीं स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट ने कहा कि एलपीजी गैस हर घर की रसोई से जुड़ी एक बुनियादी आवश्यकता है और इसकी कालाबाजारी किसी भी सभ्य समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि जब कुछ लोग निजी लाभ के लिए गैस की कृत्रिम कमी पैदा करते हैं तो इसका सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई पर पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए, उनके पास मौजूद अवैध गैस स्टॉक को जब्त किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि एलपीजी गैस की आपूर्ति आम जनता तक सुचारु रूप से पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से डॉ. हरीश पाल, सुशील भट्ट, के.एस. काण्डपाल, पी.सी. दानी, डी.एन. जोशी, भुवन तिवारी, प्रकाश जोशी, भास्कर साह, विकास कुमार, पवन अर्पित पाल, अमित सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
