उत्तराखंड/हल्द्वानी,उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, आयुष्मान योजना की खामियों और देशभर में चल रही एलपीजी गैस की किल्लत जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सदन में उठाते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का गंभीर अभाव है, जिसके कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि कई मामलों में उचित इलाज के अभाव में लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है, जो राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने अल्मोड़ा की जिला पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीमती बिष्ट के असमय निधन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होती तो शायद इस तरह की दुखद घटना से बचा जा सकता था।

सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी में प्रस्तावित कैथ लैब (Cath Lab) के निर्माण में हो रही लगातार देरी पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पिछले कई विधानसभा सत्रों में विभागीय मंत्री द्वारा जल्द कैथ लैब स्थापित किए जाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक यह परियोजना धरातल पर नहीं उतर पाई। इससे साफ है कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन की पर्याप्त चिंता नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड योजना के तहत इलाज न मिलने की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि यह पेंशनभोगियों के साथ अन्याय है। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत इलाज से पहले विभिन्न जांचों के नाम पर गरीब मरीजों से पैसे वसूले जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने मांग की कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत इलाज के साथ-साथ सभी आवश्यक जांचें भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
युवाओं के रोजगार को ध्यान में रखते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी में फॉरेन लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की मांग भी सदन में उठाई। उनका कहना था कि इस तरह के केंद्र स्थापित होने से प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
इसके अलावा उन्होंने देशभर में व्याप्त एलपीजी गैस की किल्लत का मुद्दा भी सदन में जोरदार तरीके से उठाया। इस विषय को लेकर कांग्रेस के सभी विधायकों ने सदन में धरना देते हुए राज्य सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि पहले से ही महंगाई और आवश्यक सेवाओं की कमी से आम जनता परेशान है। ऐसे में गैस की किल्लत ने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह इस समस्या के समाधान के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
