“सीईओ डॉक्टर परवेज ने कहा यह उपलब्धि चिकित्सीय उत्कृष्टता और रोगी सुरक्षा की पहचान”
नैनीताल। हिंदी न्यूज़ हल्द्वानी स्थित प्रतिष्ठित चंदन अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल को 25 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली में आयोजित सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 में “वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उभरता मल्टी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल” सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान भारत सरकार के चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी, मंत्रीगण, प्रशासनिक अधिकारी तथा फिल्म जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर परवेज ने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि अस्पताल की चिकित्सीय उत्कृष्टता, रोगी सुरक्षा तथा निरंतर गुणवत्ता सुधार के प्रति प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जहां गर्व का विषय है, वहीं भविष्य में और उच्च मानकों को स्थापित करने की जिम्मेदारी भी प्रदान करती है।

डॉक्टर परवेज़ ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए अस्पताल को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सीमित संसाधनों के बीच उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, कुशल एवं समर्पित चिकित्सकों की टीम तैयार करना, आधुनिक तकनीकों को अपनाना तथा उन्हें बनाए रखना और रोगियों का विश्वास निरंतर बनाए रखना प्रमुख चुनौतियां रहीं। इन सभी चुनौतियों को सुदृढ़ नेतृत्व, स्पष्ट दृष्टिकोण और टीम के सामूहिक प्रयासों के माध्यम से सफलतापूर्वक पार किया गया।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दो से तीन वर्षों में अस्पताल का लक्ष्य उत्तराखंड में एक आदर्श मल्टी सुपर-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य संस्थान के रूप में स्थापित होना है। इसके अंतर्गत विभिन्न विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं का विस्तार, गंभीर देखभाल एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ बनाना तथा सस्ती, सुलभ और प्रमाण-आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के रोगियों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए महानगरों पर निर्भर न रहना पड़े।
अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं के विस्तार की योजना के अंतर्गत उन्नत गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू), आधुनिक शल्य कक्ष (मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर), नवीनतम शल्य तकनीकों तथा हृदय रोग, तंत्रिका रोग सहित विभिन्न सुपर-स्पेशियलिटी विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इस उपलब्धि का श्रेय देते हुए डॉक्टर परवेज़ ने अस्पताल के सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारियों के साथ-साथ रोगियों के अटूट विश्वास को धन्यवाद दिया।
मेडिकल क्षेत्र में आने वाले युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। युवाओं को चाहिए कि वे अपनी चिकित्सीय दक्षता के साथ मानवीय संवेदनाओं को बनाए रखें, निरंतर अध्ययन करते रहें और नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाएं।


