हल्द्वानी, नैनीताल, हिंदी न्यूज़। हल्द्वानी जजी कोर्ट परिसर में रविवार को हल्द्वानी बार एसोसिएशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल एवं विशिष्ट अतिथि जिला जज प्रशांत जोशी रहे। समारोह में न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने न्याय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्षता, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली। कार्यक्रम का वातावरण अनुशासन और प्रतिबद्धता से परिपूर्ण रहा।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में बार और बेंच की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब अधिवक्ता और न्यायपालिका आपसी सम्मान और सहयोग की भावना से कार्य करते हैं, तभी आम जनता को समयबद्ध और सुलभ न्याय मिल पाता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिले भारी जनसमर्थन के अनुरूप वे बार के हितों और अधिवक्ताओं के सम्मान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपने दायित्वों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे न्यायालय की गरिमा, अधिवक्ताओं के अधिकारों और आमजन के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रहेंगे। साथ ही लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के लिए बार और बेंच के बेहतर तालमेल पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में यह संकल्प लिया गया कि न्यायालय परिसर में अनुशासन, पारदर्शिता और सकारात्मक वातावरण बनाए रखते हुए वादकारियों को बेहतर विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे न्यायपालिका में आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।
इस अवसर पर बार काउंसिल सदस्य डी.के. शर्मा, मेहरमान सिंह कोरंगा, दिवाकर पांडे, राजन सिंह मेहरा, चंद्रशेखर जोशी सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र सिंह पाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर पंत, दीवान सिंह बिष्ट, राम सिंह बसेड़ा, भवन चंद पनेरू, मुकेश तिवारी, दिनेश चंद तिवारी, मोहन चंद वर्मा, मोहम्मद यूसुफ, अब्दुल मतीन, प्रकाश कांडपाल, जोगिंदर लाल अरोड़ा, राजीव टंडन, महेश सुयाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। नैनीताल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, रामनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित मोहन तिवारी समेत अन्य गणमान्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया और सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी गई।


