भदौनी में आदमखोर बाघ का आतंक: कार्रवाई में देरी पर भड़के नीरज तिवारी, उग्र आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी/कालाढूंगी, हिंदी न्यूज़।नैनीताल तहसील के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भदौनी इलाके में आदमखोर बाघ का आतंक लगातार गहराता जा रहा है। बीते दिनों में बाघ के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। बावजूद इसके, अब तक बाघ को मारने की अनुमति न मिल पाना शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
लगातार हमलों से सहमे ग्रामीण, घरों में कैद जिंदगी
भदौनी क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि वे रोजाना डर के साये में जीने को मजबूर हैं। खेतों में काम करने जाना तो दूर, लोग घर से बाहर निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जनप्रतिनिधियों द्वारा पहले आश्वासन दिया गया था कि आदमखोर बाघ को जल्द मारने की अनुमति मिल जाएगी। यहां तक कि कुछ नेताओं ने इसकी गारंटी भी ली थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
नीरज तिवारी का तीखा हमला, चेतावनी जारी
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीरज तिवारी ने इस पूरे मामले को लेकर शासन-प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि जनता के साथ खुला विश्वासघात है।
तिवारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से आदमखोर बाघ को मारने की अनुमति जारी नहीं की गई और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

तिवारी ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन पूरी तरह मूकदर्शक बना हुआ है और निर्दोष लोगों की जान की कोई कीमत नहीं समझी जा रही। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक निर्दोष लोग इस तरह अपनी जान गंवाते रहेंगे और प्रशासन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन देता रहेगा। क्षेत्रवासियों ने सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस भयावह स्थिति से उन्हें राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!